द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपना 51वां जन्मदिन मना रहे हैं। एक ओर उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता जन्मदिन को लेकर उन्हें बधाई दे रहे हैं, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री आवास के बाहर राजनीतिक माहौल गर्म है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सोशल मीडिया पर हेमंत सोरेन को बधाई दी है।मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर बीजेपी के विधायक और कार्यकर्ता सीएम आवास का घेराव कर रहे हैं। सीएम आवास घेरने पहुंचे बीजेपी विधायकों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लेना शुरू कर दिया है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बीजेपी के विधायक सीएम आवास के पास सड़क पर ही लेट गए और विरोध जताया।

विधानसभा जाने से पहले आवास के बाहर जुटे BJP नेता
यह तस्वीर सूचना भवन के पास की है, जहां बीजेपी के विधायक सीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे हुए हैं। इसी गेट से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन निकलकर विधानसभा जाते हैं। मुख्यमंत्री के विधानसभा जाने से पहले ही गेट के पास बीजेपी विधायकों, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जमावड़ा लग गया। बीजेपी नेता मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर आवास घेरे हुए हैं।

जन्मदिन के दिन सियासी पारा चढ़ा
आज झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का तीसरा दिन भी है। ऐसे में मुख्यमंत्री के जन्मदिन के दिन राजधानी में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। एक तरफ सीएम हेमंत सोरेन का 51वां जन्मदिन है, तो दूसरी तरफ बीजेपी सड़क पर उतरकर उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। वहीं, छात्र भी अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव की तैयारी में हैं और हजारों की संख्या में छात्रों के सड़क पर उतरने की संभावना है।