logo

हेमंत सोरेन सरकार ने दिल्ली, मुंबई और कोलकाता की कंपनियों को बेच दिया बालू घाट: बाबूलाल मरांडी

661133.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी आज संकल्प यात्रा के तीसरे चरण में बरकट्ठा पहुंचे। बुढ़िया माता मंदिर में पूजा अर्चना के बाद उन्होंने ब्लॉक मैदान में बरकठ्ठा विधानसभा क्षेत्र की जनसभा को संबोधित किया। उन्हें सुनने केलिए सड़कों पर एवम सभा स्थल पर जन सैलाब उमड़ पड़ा। अपने आक्रामक अंदाज में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा। मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार लूट, अपराध, भ्रष्टाचार की पर्याय है। लगभग चार वर्षों में इस सरकार ने केवल झारखंड के नाम की राजनीति की। लेकिन झारखंड के लोगों का कुछ भला नहीं किया। केवल झारखंड को लूटा और लुटवाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यदि बेदाग हैं तो ईडी के सवालों से क्यों भाग रहे। क्यों बचने और बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में महंगे वकील के माध्यम से पैरवी करवा रहे हैं।
झारखंड की खनिज संपदा को बाहर ले जा रहे हैं 

कहा आज झारखंड की जनता को निर्माण कार्य के लिए, घर बनाने के लिए बालू नहीं मिल रहे। सभी नदियों का  बालू दिल्ली, मुंबई, कोलकाता के दलालों-बिचौलियों को हेमंत सरकार ने बेच दिया। कहा कि राज्य सरकार की नीयत साफ रहती तो बॉर्डर पर तस्करों को पकड़ती। लेकिन दलाल बिचौलिए धड़ल्ले से झारखंड की खनिज संपदा, बालू को बाहर ले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज राज्य सरकार के संरक्षण में अपराध और भ्रष्टाचार फल-फूल रहा। बिना पैसे का कोई काम नहीं होता। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने केलिए, मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए भी पैसे देने पड़ते हैं। कहा कि अफसर डंके की चोट पर बोलते हैं देकर आए हैं तो लेकर ही जायेंगे। पदाधिकारी मोबाइल रिचार्ज की तरह पद पोस्ट को पैसे से रिचार्ज कराते हैं। मरांडी ने कहा कि जिस दिन मंत्री ट्रांसफर पोस्टिंग में, सरकारी योजनाओं में पैसे लेना बंद कर देंगे उस दिन किसी पदाधिकारी की हिम्मत नहीं कि जनता से काम के बदले पैसे की मांग कर दे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, अपराध मुक्त झारखंड के लिए भाजपा की सरकार आवश्यक है। उन्होंने 2024 के चुनाव में झारखंड की 14 लोकसभा सीट भाजपा के खाते में डालकर तीसरी बार मोदी सरकार बनाने तथा राज्य में मजबूत भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। कहा कि भाजपा का यह संकल्प अब जन संकल्प बन गया है।