logo

बिजली-पानी लोगों को उपलब्ध कराने में विफल है हेमंत सरकार, योगी मॉडल से दूर होगी समस्या- संजय सेठ

0932.jpg

फॉलोअप डेस्क
बिजली-पानी की समस्या को दूर करने में झारखंड सरकार पूरी तरह से नाकाम है। रांची सहित पूरे झारखंड में बिजली और पानी के बिना हाहाकार मचा हुआ है। जनता त्राहि त्राहि कर रही है। परंतु यह सरकार बेसुध सोई हुई है। ऐसा लग रहा है जैसे, इस सरकार को जनसरोकार से कोई मतलब ही नहीं। यह बातें रांची से लोकसभा सांसद संजय सेठ ने अपने कार्याल्य में एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर कही। उन्होंने कहा कि जनसरोकार से मतलब नहीं रखने चाली सरकार को सत्ता में रहने का भी कोई हक नहीं होना चाहिए। संजय सेठ ने कहा कि योगी मॉडल पर हेमंत सरकार को काम करना चाहिए। एक दौर में यूपी में बिजली की सबसे खराब स्थिति थी। मगर अब वहां यह समस्या नहीं है। अब बिजली-पानी की सबसे अधिक समस्या झारखंड में हैं।

फरवरी से ही बिजली की आंख मिचौली है शुरू
फरवरी महीने से ही रांची में बिजली की आंख मिचौली शुरू हुई। ट्रांसफॉर्मर जलने की शिकायतें आने लगी। इसके साथ ही जल संकट भी शुरू हुआ। लेकिन इस राज्य का दुर्भाग्य है कि यहां ऐसी सरकार शासन चला रही है, जिसे इन सब से कोई मतलब नहीं। मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री और अफसर सब अपने बंगले में मस्त हैं। अफसोस लगता है कि सरकार के पास कोई विजन भी नहीं है कि कैसे बिजली और पानी के संकट का समाधान किया जा सके। ईचागढ़ से लेकर सिल्ली और कांके, खिजरी से लेकर खलारी तक से प्रतिदिन दर्जनों कॉल मेरे ऑफिस को आते हैं। कहीं बिजली संकट है। कहीं पानी संकट है। कहीं चापाकल खराब पड़े हैं। कहीं जल मीनार बनकर तैयार है मगर जलापूर्ति नहीं हो रही है। यह ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति है। ग्रामीण क्षेत्रों को छोड़े तो शहर की स्थिति उससे भी बदतर है। अभी ही किसी अखबार में पढ़ रहा था कि रांची शहर में 50% बोरिंग फेल हो चुके हैं। पेयजलापूर्ति का पाइप कभी कहीं टूट जाता है। जलस्रोतों को रिचार्ज किया जा सके, इस तरफ सरकार का ध्यान ही नहीं है।

केंद्र की योजनाएं धरातल पर उतारने में विफल है हेमंत सरकार
केंद्र की सरकार ने जल जीवन मिशन के तहत इस राज्य को करोड़ों रुपए प्रदान किए। दुर्भाग्य है कि राजधानी में भी उस योजना को धरातल पर पूरी तरह से नहीं उतारा जा सका। अफसर फाइलें घुमाते हैं, मंत्री अपनी गाड़ियों पर घूमते हैं। इस सरकार का यही चरित्र रह गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जनता की तरफ से अनुरोध है कि राजधानी की जनता को बख्श दीजिए। कम से कम इनके लिए समुचित पानी और बिजली की व्यवस्था करवाइए ताकि इस भीषण गर्मी में जनता को कुछ राहत मिल सके। यदि यह भी नहीं हो सकता है तो मुझे लगता है पूरी सरकार को जनता से माफी मांगते हुए सत्ता छोड़ देनी चाहिए। अगर सरकार अविलंब बिजली और जल संकट का समाधान नहीं निकालती है तो रांची लोकसभा क्षेत्र की जनता इस निष्क्रिय सरकार के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT