logo

बहरागोड़ा में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, कुणाल षाड़ंगी ने किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा

KUNAL3.jpg

द फॉलोअप डेस्क

पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बहरागोड़ा प्रखंड के पाटपुर, साकरा, डोमजूडी समेत कई पंचायतों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। बाढ़ जैसे हालात के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। खेतों में पानी भर गया है, सड़कों पर आवागमन बाधित हो गया है और कई घरों में पानी घुसने से आम जन जीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त हो गया है।
ऐसे हालात में रविवार को पूर्व विधायक एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने प्रभावित पंचायतों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद उपायुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रभावित गांवों में तत्काल राहत सामग्री, शेल्टर होम और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। साथ ही जिन घरों के गिरने का खतरा है, वहां रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाये।

कुणाल षाड़ंगी ने स्वयं ग्रामीणों के बीच खाद्य सामग्री, तिरपाल और प्लास्टिक का वितरण कर उनकी मदद की। उन्होंने कहा कि यह समय साथ खड़े होने का है। प्रशासनिक अमला और हम सब मिलकर हर संभव सहायता पहुंचा रहे हैं। जरूरतमंदों को किसी भी प्रकार की तकलीफ नहीं होने दी जायेगी।
इस दौरे में झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई सक्रिय कार्यकर्ता भी उनके साथ उपस्थित रहे। इनमें तपन ओझा, निर्मल दुबे, मदन मन्ना, सुमित मैती, नंदन, रॉनी, राज पांडा, मुन्ना, मानस देहरी और सुभाष मुंडा प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी कार्यकर्ताओं ने राहत वितरण कार्यों में सहयोग करते हुए प्रभावित लोगों की मदद की।


 

Tags - Flood in jamshedpur jamshedpur Flood Updates jamshedpur Flood News latest updates latest Updates jharkhand latest news jharkhand Updates jharkhand updates news jharkhand news  latest jharkhand news latest jamshedpur News