द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड की रसोई धमना पंचायत में रविवार को भारी बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बारिश की वजह से एक मकान का छज्जा गिर गया, जिससे हदीस अंसारी और उनकी पत्नी जुमेरा खातून की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के निर्देश पर बरही के बीडीओ, सीओ और एसडीओ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उप विकास आयुक्त इश्तियाक अहमद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। अबुआ आवास योजना के तहत परिवार को नया मकान आवंटित कर ₹1,80,000 की राशि जारी की गई, जो दो दिन में पूरा किया जाएगा। जब तक नया घर तैयार नहीं होता, तब तक परिवार को अस्थायी रूप से पास के एक सुरक्षित मकान में शिफ्ट किया गया है। साथ ही, आपातकालीन राहत के रूप में उन्हें 50 किलो चावल और ₹10,000 की त्वरित सहायता दी गई है।
परिवार की दो बेटियों आलिया प्रवीण (कक्षा 9वीं) और नाजिया प्रवीण (कक्षा 7वीं) की पढ़ाई की जिम्मेदारी प्रशासन ने ली है। दोनों का नामांकन कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बरही में कराया जा रहा है। साथ ही मिशन वात्सल्य योजना के तहत ₹4,000 प्रति माह की छात्रवृत्ति भी जल्द शुरू की जाएगी। आपदा प्रबंधन मद से ₹4 लाख की आर्थिक सहायता देने की प्रक्रिया भी चल रही है। उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने घटना को अत्यंत दुखद बताया और लोगों से अपील की कि भारी बारिश के समय कमजोर या कच्चे मकानों में सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तुरंत सूचित करें।
