रांची
झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-उत्तरी ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया है। इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी करते हुए गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
इन जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को गढ़वा, पलामू, लातेहार, चतरा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, गिरिडीह और धनबाद के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
अगले 24 घंटे झारखंड के लिए अहम
मौसम विभाग के अनुसार निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे झारखंड में मौसम काफी सक्रिय रहने की संभावना है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
1 और 2 सितंबर को भी बारिश का दौर जारी रहेगा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 31 अगस्त के बाद भी बारिश का असर बना रहेगा। 1 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में यलो अलर्ट रहेगा। वहीं 2 सितंबर को गुमला, सिमडेगा, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में 1 और 2 सितंबर को दो या उससे अधिक बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 3 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं, हालांकि कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद 4 सितंबर को रांची समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और 5 सितंबर को गरज के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव का खतरा
मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई है। भारी बारिश की संभावना वाले जिलों में जलभराव को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश से राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सुहावना रहने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
सामान्य से कम बारिश का अंतर घटकर 8 फीसदी
मानसून की सक्रियता के बीच झारखंड में बारिश की कमी भी लगातार घट रही है। 1 जून से 30 अगस्त तक राज्य में 729.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 792.5 मिमी है। इस तरह राज्य में अब सामान्य से केवल 8 फीसदी कम बारिश हुई है।हालांकि, कुछ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 48 फीसदी अधिक, लातेहार में 23 फीसदी अधिक, सरायकेला-खरसावां में 9 फीसदी अधिक और रांची में 8 फीसदी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
वज्रपात को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह
भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। चेतावनी वाले इलाकों में लोगों को खुले मैदान में जाने, पेड़ों के नीचे खड़े होने, बिजली के खंभों के आसपास रहने और जलाशयों के नजदीक जाने से बचने की सलाह दी गई है। तेज बारिश और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने को भी कहा गया है।
बारिश से शहरों की हवा में भी सुधार की उम्मीद
बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों में कमी आने से शहरी क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता बेहतर रहने की उम्मीद है। 30 अगस्त को जमशेदपुर का AQI 62, जबकि धनबाद का AQI 133 दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद जमशेदपुर समेत राज्य के अन्य शहरों की हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल सकता है।