logo

देवघर हादसा : स्वास्थ्य मंत्री इरफान ने की घोषणा, मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख और घायलों को 20 हजार का मुआवजा

इरफ़ान1.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मोहनपुर प्रखंड के जमुनिया चौक के पास मंगलवार सुबह हुए भीषण बस हादसे के बाद, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी और देवघर DC नमन प्रियेश लकड़ा घायलों से मिलने सदर अस्पताल व देवघर एम्स पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। वहीं उनके बेहतर इलाज हेतु संबंधित डॉक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ अंसारी ने बताया कि हादसे में बस चालक सहित कुल छह श्रद्धालुओं की मौत हुई है, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं। इनमें से आठ श्रद्धालुओं का इलाज देवघर एम्स में चल रहा है। मंत्री ने कहा कि सभी घायलों का इलाज पूरी तरह से मुफ्त कराया जा रहा है। जांच, दवाएं व सभी चिकित्सीय सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि मृतकों के परिजनों को आपदा प्रबंधन कोष से 1 लाख तथा घायलों को बाबा मंदिर कल्याण कोष से 20 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। इसके साथ ही जिला प्रशासन की ओर से घायल और मृतकों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

मंत्री और उपायुक्त ने सिविल सर्जन डॉ युगल किशोर चौधरी व एम्स निदेशक डॉ सौरभ को निर्देश दिया कि सभी घायलों के इलाज में किसी तरह की कोताही न बरती जाए। 
बता दें कि उस बस हादसे में शामिल श्रद्धालु श्रावणी मेले में शामिल होने के लिए देवघर आ रहे थे। तभी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी और यह हादसा हो गया। 
 

Tags - jharkhand news jharkhand update jharkhand latest news jharkhand khabar crime news deoghar news deoghar road accident news deoghar mohanpur news minister irfan ansari deoghar DC health minister irfan ansari road accident news