द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में लगातार तापमान तेजी से बढ़ रहा है। डाल्टेनगंज का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार कर गया। शुक्रवार को यहां का पारा 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा जमशेदपुर का तापमान 42 डिग्री रहा। जबकि, रांची का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री पहुंच गया है। गर्म हवा के चलने से दोपहर में ही सड़कें सुनसान हो जा रही हैं। इधर, बढ़ती गर्मी को देखते हुए एनएचएम के अपर अभियान निदेशक ने राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जन को हीट स्ट्रोक से बचाव और इलाज को लेकर निर्देश जारी किया है। इसके तहत अस्पताल में स्टॉफ, बेड, आईवी फ्लूड, ओआरएस और जरूरी दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

लू के लक्षण की जांच का निर्देश
'लू' लगने से उल्टी-दस्त, सिर दर्द, चक्कर आना, थकावट, शरीर में अकड़न, स्किन में दाग, हृदय संबंधी समस्या और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा होता है। ऐसे में सभी सिविल सर्जन को कहा गया है कि अस्पताल के ओपीडी में आने वाले मरीजों के 'लू' के लक्षण की जांच की जाए। ओपीडी में मरीजों के बैठने की उचित व्यवस्था के साथ शीतल पेयजल की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने कहा गया है। इसके अलावा अस्पताल के सभी वार्ड में वाटर कूलर या फिर दूसरे उपाय करने को लेकर भी विभाग की ओर से निर्देश दिए गए। सभी जिलों में प्राथमिक उपचार कक्ष में ओआरएस कॉर्नर बनाने कहा गया है।

लोगों को किया जाएगा जागरूक
आम लोगों को लू से बचने के लिए जागरूर भी किया जाएगा। इसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपने आसपास के लोगों को हीट स्ट्रोक (लू) से बचाव को लेकर जागरूक करने कहा गया है। जानकारी के अनुसार इसके लिए सभी जिलों को फ्लेक्स बैनर उपलब्ध करा दी गई है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT