logo

सरायकेला-खरसावां में पटरी पर मिली सिर कटी लाश, हादसा या साजिश; तफ्तीश में जुटी पुलिस

लाश.jpg

द फॉलोअप डेस्क

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर से शुक्रवार को एक भयावह घटना सामने आई है। आदित्यपुर स्टेशन से गम्हरिया जंक्शन की ओर जाने वाली रेल लाइन पर पोल संख्या 258/22-24 के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा अर्धनग्न शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने रेल लाइन पर अर्धनग्न अवस्था में एक युवक का शव देखा, जिसका सिर धड़ से अलग था। इस भयावह दृश्य को देखकर लोगों में दहशत फैल गई और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के थाना क्षेत्रों में मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है, हालांकि खबर लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस इस मामले की जांच रेल हादसा या फिर किसी साजिश के तहत की गई हत्या पर भी कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि बीते दो दिनों के भीतर आदित्यपुर-गम्हरिया रेलखंड पर दो युवक और एक युवती के शव मिल चुके हैं। लगातार मिल रहे शवों से इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोगों के मन में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार इस तरह की घटनाएं होना महज संयोग नहीं हो सकता, बल्कि यह किसी संगठित आपराधिक गतिविधि की ओर इशारा कर रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में लापता लोगों की जानकारी भी खंगाली जा रही है।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news saraikhela kharsawan news train accident news