logo

डॉक्टर के अपॉइंटमेंट के नाम पर करता था साइबर ठगी, पुलिस ने एक को किया गिरफ्तार

grd_cyber.jpg

द फॉलोअप डेस्क

गिरिडीह जिले से एक बड़ा मामला सामने आया है। जहां पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य फरार हो गए हैं। यह कार्रवाई मंगलवार  को पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को मिली गुप्त सूचना के बाद की गई। 
सूचना थी कि गांडेय थाना क्षेत्र के मनियाडीह गांव के पास कुछ साइबर अपराधी फोन के माध्यम से लोगों से ठगी कर रहे हैं। इस पर साइबर थाना प्रभारी रामेश्वर भगत के नेतृत्व में छापामारी दल गठित कर कार्रवाई की गई। छापामारी के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को धर दबोचा जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान तकमुल अंसारी (38 वर्ष), पिता अब्दुल रहमान, निवासी ग्राम बनसिम्मी थाना मारगोमुण्डा जिला देवघर के रूप में हुई है। फरार आरोपियों में मकबुल अंसारी (35 वर्ष), पिता अब्दुल रहमान, ग्राम बनसिम्मी थाना मारगोमुण्डा जिला देवघर और छोटु अंसारी उर्फ मो। फारूक, पिता लियाकत अंसारी, ग्राम फुलजोरी थाना गांडेय जिला गिरिडीह शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वे गूगल पर फर्जी नंबर डालकर लोगों से संपर्क करते थे। जब कोई मरीज डॉक्टर से अपॉइंटमेंट के लिए उस नंबर पर कॉल करता, तो उसके व्हाट्सएप पर नकली एपीके फाइल का लिंक भेज दिया जाता और उसके माध्यम से खाते से पैसे उड़ा लिए जाते थे।

पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं। मामले में साइबर थाना कांड संख्या 31/2025 दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान नंबर पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचें।

Tags - jharkhand news jharkhand latest new jharkhand khabar jharkhand update giridih news giridih latest news giridih update crime news crime update cyber crime news cyber crim latest news