हजारीबाग
हजारीबाग के पौता जंगल से 27 अप्रैल को दो लड़कियों और एक लड़के का शव बरामद हुआ था. लेकिन एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस मामले का अब तक उद्भेदन नहीं हो पाया है, जिससे पीड़ित परिवार काफी दुखी और निराश है. आज दिशा की बैठक में शामिल होने हजारीबाग पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से पीड़ित परिवार ने मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई. गौरतलब है कि तीनों बच्चे 23 अप्रैल को लापता हो गए थे और 27 अप्रैल को उनके शव पौता जंगल से बरामद किए गए थे.

राज्य कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त: अन्नपूर्णा देवी
पीड़ित परिवार ने केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी से मिलकर अपनी व्यथा सुनाई. परिवार का कहना है कि वे हजारीबाग पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं हैं. इस पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत के मामले में इतने दिनों बाद भी घटना का खुलासा नहीं होना बेहद शर्मनाक है. हालांकि, उन्होंने परिवार के सामने ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक को मामले का जल्द से जल्द उद्भेदन करने का निर्देश दिया.

परिवार को जांच की प्रयाप जानकारी नहीं मिल पा रही थी: अमन कुमार
वहीं जिले के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि परिवार के सदस्य आज उनसे मिलने पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि परिवार को जांच की दिशा और उसकी प्रगति की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पा रही थी. पौता जंगल मामले में रांची FSL से कुछ जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई हैं तथा मोबाइल फोन से भी कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं. उन्होंने कहा कि अधिकारी के माध्यम से परिवार को जांच की प्रगति से अवगत कराया जा रहा है. फिलहाल, परिवार काफी निराश है और जांच से असंतुष्ट नजर आ रहा है. परिवार इस मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहा है. साथ ही, उन्होंने एक यूट्यूबर सोहेल किरमानी की गिरफ्तारी की भी मांग की है, जिसे वे इस पूरे मामले में संदिग्ध मान रहे हैं.
