हजारीबाग
कोर्रा थाना क्षेत्र के हीराबाग चौक के समीप शनिवार को एक युवक का शव नाले से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान हाउसिंग बोर्ड दीपगढ़ा निवासी नवीन वर्मा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग के गेट के सामने स्थित नाले में युवक का शव लावारिस अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
