द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के समीप सोमवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हजारीबाग शहर के ओकनी निवासी विक्की सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार विक्की सोनी अपने मित्र अभिषेक कुमार उपाध्याय के साथ केदारनाथ तीर्थ यात्रा पर जाने के लिए घर से निकले थे। अभिषेक उन्हें कोडरमा रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़नी थी। इसी दौरान करसो पुल के पास उनकी कार का टायर पंचर हो गया। दोनों सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर बदल रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और विक्की सोनी को निशाना बनाते हुए उनकी गर्दन में गोली मार दी।

मौके पर हुई मौत, परिजनों में मचा कोहराम
गोली लगते ही विक्की सोनी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हालांकि पुलिस के पहुंचने तक विक्की की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पहुंचे। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना पर बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बरही भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।