द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले में चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच शुक्रवार को रांची से पटना जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन दुर्घटना का शिकार हो गई। हाई स्पीड ट्रेन रेलवे ट्रैक पर आ गई लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना में ट्रेन को नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग पर तेज गति से आगे बढ़ रही थी। इसी दौरान चरही और बेस रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। ट्रेन के चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की, लेकिन हाई स्पीड ट्रेन ट्रैक पर मौजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर के बाद ट्रेन को कुछ देर के लिए दुर्घटनास्थल पर ही रोकना पड़ा।

सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल
जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस करीब 41 मिनट तक दुर्घटनास्थल पर रुकी रही। इस दौरान रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। ट्रेन और रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करने के बाद आवश्यक कार्रवाई की गई। घटना के कारण ट्रेन के परिचालन पर भी असर पड़ा। इस हादसे ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि हाई स्पीड ट्रेन के निर्धारित रूट पर लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली कैसे पहुंच गई। रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

हो सकता था जान माल का नुकसान
वंदे भारत जैसी हाई स्पीड ट्रेन के सामने अचानक भारी वाहन आ जाने से बड़ा हादसा हो सकता था। यदि ट्रेन और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच टक्कर अधिक जबरदस्त होती, तो जान-माल के नुकसान की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। गनीमत रही कि हादसा बड़ा रूप लेने से पहले स्थिति नियंत्रित हो गई। घटना के बाद रेलवे की ओर से मामले की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली रेलवे ट्रैक तक किस तरह पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था में चूक कहां हुई। हादसे ने रेलवे ट्रैक की सुरक्षा और हाई स्पीड ट्रेनों के संचालन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है।