logo

हजारीबाग में संदिग्ध मौत का मामला गरमाया, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

ददे.jpg

सितेश तिवारी/हजारीबाग

हजारीबाग जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक की पहचान कोलेश्वर प्रसाद मेहता के रूप में हुई है, जो 10 जनवरी 2026 से लापता थे। परिजनों के अनुसार 14 जनवरी की शाम गांव के पास स्थित एक कुएं से उनका शव बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया
परिजनों ने इस घटना को साधारण डूबने से हुई मौत मानने से इनकार करते हुए इसे सुनियोजित हत्या बताया है। उनका आरोप है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोट के निशान मिले हैं, जो किसी साजिश की ओर इशारा करते हैं। परिजनों ने यह भी दावा किया कि शव के पेट में कम मात्रा में पानी पाया गया, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत होती है। परिवार ने आरोप लगाया है कि मृतक को नशा देकर कुएं में फेंका गया और इस मामले में कुछ लोगों के साथ एक महिला की भी संलिप्तता हो सकती है।

जांच की मांग और पुलिस का बयान
परिजनों ने इस मामले की शिकायत प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Tags - Hazaribagh suspicious death Kuleshwar Prasad Mehta murder allegation Jharkhand well body recovery case Musfasil police station Hazaribagh Jharkhand crime newsJharkhand News Hazaribagh News Crime News Murder Mystery Breaking News India News