logo

दीपावली में अंधेरे में डूबा हजारीबाग का सबसे बड़ा अस्पताल, लेबर रूम में ठप रही प्रसव सेवा

दीपावली में अंधेरे में डूबा हजारीबाग का सबसे बड़ा अस्पताल, लेबर रूम में ठप रही प्रसव सेवा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

दीपावली की रात जहां पूरा शहर रोशनी से जगमगा रहा था, वहीं हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल का लेबर रूम अंधेरे और सन्नाटे में डूबा रहा। प्रसव सेवाएं बाधित रहने से गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बताया जाता है कि सिजेरियन मरीज की मौत के बाद अस्पताल में हुए हंगामे के विरोध में चिकित्सकों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। इसके चलते पिछले दो दिनों से लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर की सेवाएं प्रभावित रहीं।

डॉक्टरों के इंतजार में परेशान रहीं गर्भवती महिलाएं

चिकित्साकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद डॉक्टरों के ड्यूटी पर नहीं पहुंचने से प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिलाओं को इलाज के लिए भटकना पड़ा। समय पर चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने से मरीजों की परेशानी बढ़ गई। सरकारी अस्पताल में सुरक्षित प्रसव की उम्मीद लेकर पहुंचे गरीब मरीजों के परिजनों को मजबूरन दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ा।

स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल

दीपावली जैसे त्योहार के दौरान सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसव और आपातकालीन सेवाओं की ऐसी स्थिति ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। सबसे बड़ा सवाल यह है कि चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के दौरान गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन मरीजों के इलाज की जिम्मेदारी किसकी थी?

 

Tags - Hazaribagh SBMCH Sheikh Bhikhari Medical College Jharkhand News Doctors Protest Doctors Strike Labour Room