logo

छापेमारी से लौट रही हजारीबाग पुलिस टीम हादसे का शिकार, 1 जवान की मौत; तीन घायल

िदरग.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग पुलिस की एक टीम मंगलवार तड़के धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दुर्घटना में चालकुसा थाना में पदस्थापित पुलिस जवान राम लखन यादव की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का धनबाद के असर्फी अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना से हजारीबाग पुलिस महकमे में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, चालकुसा थाना की पुलिस टीम धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर सरकारी वाहन से वापस लौट रही थी। मंगलवार सुबह करीब चार बजे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीपल के पास जीटी रोड पर पुलिस वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पुलिसकर्मी वाहन में फंस गए।


एक जवान की मौत, तीन पुलिसकर्मी अस्पताल में भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी पुलिसकर्मियों को वाहन से बाहर निकाला गया। राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल पुलिसकर्मी नरेश कुमार, मनपावन ओझा और गौरव कुमार को गंभीर हालत में धनबाद के असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि तीनों की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।


हादसे की जांच शुरू, पुलिस विभाग में शोक
प्रारंभिक जांच में पुलिस वाहन के तेज रफ्तार में होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सड़क किनारे खड़ा ट्रेलर किन परिस्थितियों में खड़ा था, उसके पीछे चेतावनी संकेत लगाए गए थे या नहीं और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों और तेज रफ्तार से होने वाले हादसों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। राम लखन यादव के निधन पर पुलिस विभाग ने गहरा शोक व्यक्त किया है और घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

Tags - Hazaribagh Police Road Accident Dhanbad News Police Team Chalkusha Police Station Barwa Adda