हजारीबाग
मोबाइल खो जाए तो ज्यादातर लोग उसे हमेशा के लिए गया हुआ मान लेते हैं। लेकिन हजारीबाग पुलिस ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अगर प्रयास ईमानदार हो, तो खोया हुआ भरोसा भी वापस लौट सकता है। हजारीबाग पुलिस ने 'ऑपरेशन भरोसा' के तहत गुम और चोरी हुए 86 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। वितरण कार्यक्रम में 14 लोग नहीं पहुंच सके, जबकि शेष लोगों ने अपना मोबाइल वापस पाकर खुशी जाहिर की और पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इसी महीने थाना स्तर पर भी लगभग 35 से 40 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं। लगातार चल रही कार्रवाई से लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।

मिलने की उम्मीद नहीं थी
मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया फोन फिर कभी मिलेगा। लेकिन हजारीबाग पुलिस की पहल ने उनकी उम्मीद को हकीकत में बदल दिया। हजारीबाग पुलिस ने लोगों से अपील की कि अपने मोबाइल फोन को सुरक्षित रखें, सतर्क रहें और गुम या चोरी होने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि 'ऑपरेशन भरोसा' जैसे अभियान के जरिए अधिक से अधिक लोगों को उनका खोया सामान वापस मिल सके।
