हजारीबाग
जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और कुख्यात प्रिंस खान गैंग के अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी कर रही पुलिस टीम पर बदमाशों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मुठभेड़ के दौरान गैंग का सदस्य सैयद मोहम्मद जीशान पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगने के बाद वह भाग नहीं सका और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके साथ मौजूद दो अन्य अपराधी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।
पहले भी फायरिंग की घटना में था शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सैयद मोहम्मद जीशान हजारीबाग का निवासी है। वह पहले एनटीपीसी और लातेहार क्षेत्र में ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दो दिन पहले कोयला ढोने वाली हाईवा गाड़ियों पर हुई फायरिंग की घटना में भी इसी गैंग का हाथ था। उस वारदात की जिम्मेदारी कुख्यात अपराधी प्रिंस खान ने स्वयं ली थी। इसके बाद से पुलिस लगातार गैंग के सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।
हथियार बरामद, फरार बदमाशों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के एसपी अमन कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पुलिस को पहले से इनपुट मिला था कि गैंग के सदस्य इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसी सूचना के आधार पर बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद और थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया था। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक देशी पिस्तौल और एक खोखा बरामद किया गया है, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार दो अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।