द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग पुलिस ने एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ा सफलता हासिल की है। पेलावल थाना क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान अंतरराज्यीय वाहन चोरी के एक गिरोह का पर्दाफाश किया गया। इस ऑपरेशन में पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड अशरफ अली, जिसे पप्पू खान या गुरुजी के नाम से भी जाना जाता है, शामिल है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह झारखंड के विभिन्न जिलों से विशेष रूप से स्कॉर्पियो गाड़ियों की चोरी करता था। चोरी के बाद इन गाड़ियों को मॉडिफाई करके बिहार भेजा जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि इन चोरी की गई गाड़ियों का इस्तेमाल बिहार में शराब तस्करी के लिए किया जा रहा था। वाहन चोरी के बाद इनकी नंबर प्लेट और चेसिस नंबर में छेड़छाड़ कर उन्हें तस्करों को ऊँचे दाम पर बेचा जाता था।
हजारीबाग पुलिस के एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के बाद यह कार्रवाई संभव हो सकी। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरोह का नेटवर्क झारखंड के कई जिलों में फैला हुआ था। चोरी की गई गाड़ियों को अलग-अलग तरीकों से मॉडिफाई कर बिहार भेजा जाता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। पुलिस इस सफलता को अपनी बड़ी उपलब्धियों में शामिल कर रही है और अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा शराब तस्करी के नेटवर्क की गहनता से जांच कर रही है।
