सितेश तिवारी/हजारीबाग
सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में पीसीआर टीम के पुलिसकर्मियों पर हाईवा वाहन से कथित अवैध वसूली करने के आरोप के बाद हजारीबाग पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमन कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक हवलदार को निलंबित कर दिया है, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय एवं अनुशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में पीसीआर ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी एक हाईवा वाहन से रुपये लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो की जानकारी मिलते ही एसपी अमन कुमार ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया। पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कदम उठाए हैं।

इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी को सौंपी गई जांच
मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने एक इंस्पेक्टर रैंक के पदाधिकारी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को पूरे मामले की पड़ताल कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच के दौरान वायरल वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों और संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की गहन समीक्षा की जाएगी।

जीरो टॉलरेंस नीति के तहत होगी कार्रवाई
एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट कहा कि पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि हजारीबाग पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार या अवैध वसूली जैसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं पुलिसकर्मियों द्वारा अवैध वसूली या किसी प्रकार की अनुचित गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत 100 नंबर या सीधे एसपी कार्यालय को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Hazaribagh Police, Illegal Extortion, Viral Video, SP Aman Kumar, PCR Team, Departmental Action, Jharkhand News
Hazaribagh, Police, Corruption, ViralVideo, Jharkhand
hazaribagh pcr team illegal extortion video viral havildar suspended by sp aman kumar