logo

हजारीबाग में बमबारी के बाद राहुल दुबे गैंग ने ली जिम्मेदारी, धमकी भरा संदेश भी दिया; RS यादव को खुली चेतावनी

ीेेेेेेे.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कंपनी में 10 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे हुई बमबारी की घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक प्रेस विज्ञप्ति वायरल हुई है। इस विज्ञप्ति में राहुल दुबे गैंग ने घटना की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है। मामले की जांच जारी है। वायरल प्रेस विज्ञप्ति में आर.एस. यादव को संबोधित करते हुए कहा गया है कि यह हमला केवल "चेतावनी" देने के लिए किया गया था। संदेश में दावा किया गया है कि यदि वह उनकी बात नहीं मानते और "सिस्टम" में नहीं आते, तो अगला हमला उनके कार्यालय पर किया जाएगा। साथ ही भविष्य में और बड़े हमले की चेतावनी भी दी गई है।


ड्राइवर और स्टाफ को बनाया निशाना
विज्ञप्ति में बेहद आक्रामक भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा गया है कि अगली बार केवल वाहनों को नहीं, बल्कि वहां काम करने वाले ड्राइवरों और स्टाफ को निशाना बनाया जाएगा। संदेश में यह भी कहा गया है कि गैंग किसी गरीब ड्राइवर, स्टाफ या मुंशी की जान नहीं लेना चाहता, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर घटनास्थल पर मौजूद किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाएगा। पुलिस इस धमकी की सत्यता और इसके पीछे शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है।


ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय कमेटियों को भी चेतावनी
वायरल संदेश में कोयला परिवहन से जुड़े ट्रांसपोर्टरों और स्थानीय कमेटियों को भी चेतावनी दी गई है। इसमें कहा गया है कि वे इस घटना से सबक लें और सावधान हो जाएं, अन्यथा उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल प्रेस विज्ञप्ति की जांच के साथ-साथ बमबारी की घटना में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Tags - Hazaribagh Keredari Rahul Dubey Gang Bomb Attack Crime