द फॉलोअप डेस्क
जब आमतौर पर लोग रविवार को आराम करते हैं, तब हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने प्रशासनिक चुस्ती का परिचय देते हुए कटकमसांडी प्रखंड स्थित झारखंड राज्य खाद्य निगम (JSFC) के गोदाम का बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण कर सबको चौंका दिया। इस निरीक्षण की न तो किसी को भनक थी और न ही कोई पूर्व जानकारी। रविवार को खुद उपायुक्त का अचानक पहुंचना सिस्टम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खाद्यान्न के भंडारण, वितरण, सुरक्षा, कीट नियंत्रण रसायन, स्टॉक रजिस्टर व स्वच्छता व्यवस्था की बारीकी से जांच की। उन्होंने गोदाम में मौजूद ताजा रिकार्ड न पाए जाने और कीटनाशक रसायन की अनुपलब्धता पर गहरी नाराजगी जाहिर की। साथ ही, गोदाम प्रभारी एमओ और एजीएम को शोकॉज़ नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का सख्त निर्देश दिया।
उपायुक्त ने अधिकारियों को साफ निर्देश देते हुए कहा कि खाद्यान्न की गुणवत्ता हर हाल में सुनिश्चित हो,वितरण प्रणाली पारदर्शी हो, स्टॉक व इनवेंट्री रजिस्टर चालू रखे जाएं,फायर फाइटिंग सिस्टम और साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह क्रियाशील हो। अन्यथा किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में यह चर्चा जोरों पर है कि पहली बार किसी उपायुक्त ने खुद गोदाम पहुंचकर व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की है और वो भी छुट्टी वाले दिन यानि रविवार को। यह निरीक्षण प्रशासन की गंभीरता और पारदर्शिता के प्रति प्रतिबद्धता का बेहतरीन उदाहरण बन गया है।