logo

हजारीबाग बैंक लूटकांड का खुलासा: अंतरराज्यीय गिरोह के 3 शातिर गिरफ्तार, 6 राज्यों की STF ने मिलकर किया बड़ा ऑपरेशन

WhatsApp_Image_2026-05-03_at_12_48_46_PM.jpeg

द फोलोअप, हजारीबाग
हजारीबाग के बरही में हुए सनसनीखेज बैंक लूट कांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा कर दिया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अंतरराज्यीय गिरोह के तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। खास बात यह है कि इस ऑपरेशन में 6 राज्यों की पुलिस और STF का सहयोग लिया गया।बरही बैंक लूटकांड में पुलिस की जांच तेज
दरअसल, 24 अप्रैल 2026 को बरही थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्रा शाखा में चार हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोल दिया था।अपराधियों ने बैंक कर्मियों को बंधक बनाकर करीब 4 लाख 22 हजार रुपये नकद और लगभग 4 किलो सोना लूट लिया था और सभी कर्मचारियों को स्ट्रॉन्ग रूम में बंद कर फरार हो गए थे।घटना के बाद हजारीबाग पुलिस तुरंत हरकत में आई और पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने अपराधियों के नेटवर्क को ट्रैक किया।

वाराणसी में STF की बड़ी कार्रवाई
जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ी का सुराग मिला, जिसके आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के वाराणसी पहुंची। वहां STF के सहयोग से सारनाथ थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से 20 लाख रुपये नकद, 900 ग्राम से ज्यादा सोना, 6 मोबाइल फोन, स्कॉर्पियो गाड़ी और घटना में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिल बरामद किए गए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि अपराधियों ने इस वारदात की योजना पहले 17 अप्रैल को बनाई थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण उस दिन घटना को टाल दिया गया। इसके बाद 24 अप्रैल को पूरी प्लानिंग के साथ लूट को अंजाम दिया गया।सोशल मीडिया से मिली जानकारी के आधार पर बैंक को निशाना
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों ने सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी जुटाई थी कि बैंक ऑफ महाराष्ट्रा में गोल्ड लोन मिलता है, जिसके बाद इस बैंक को निशाना बनाया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि यह गिरोह पिछले 9 वर्षों में देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 96 किलो सोना लूट चुका है और पहले भी जेल जा चुका है।फिलहाल, इस कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
 

Tags - JharkhandHazaribaghBarhi