द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ अंचल क्षेत्र में आदिम जनजाति बिरहोर समुदाय की जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। चलंगा मौजा में सरकार द्वारा बिरहोर जनजाति को बंदोबस्त की गई 3.70 एकड़ भूमि पर वर्षों से भू-माफियाओं द्वारा फर्जी कागजात के जरिए अवैध कब्जा किया गया था।
यह मामला एक दशक पुराना है और इसमें पूर्व के कुछ राजस्व कर्मियों की मिलीभगत की भी बात सामने आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वर्तमान अंचलाधिकारी नित्यानंद दास ने मोर्चा संभाला और अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया।
भूमि का मापी और सीमांकन कर पहले सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अवधि समाप्त होने के बाद आज प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। साथ ही संदिग्ध जमाबंदियों को भी लॉक कर दिया गया है।
प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 338 और SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं बिरहोर जनजाति की जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हजारीबाग उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह को पत्राचार कर घेराबंदी की मांग की गई है।