logo

सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री मामले में ACB ने भूमि विक्रेता कुलेश्वर प्रजापति को किया गिरफ्तार

सरकारी जमीन की अवैध खरीद-बिक्री मामले में ACB ने भूमि विक्रेता कुलेश्वर प्रजापति को किया गिरफ्तार

द फॉलोअप डेस्क, रांची
सरकारी जमीन और गैरमजरुआ खास किस्म की भूमि को कथित तौर पर गलत तरीके से अपने नाम कराने, उसकी बिक्री करने और अवैध तरीके से दाखिल-खारिज कराने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) हजारीबाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ACB की विशेष छापेमारी टीम ने बुधवार को 58 वर्षीय भूमि विक्रेता कुलेश्वर प्रजापति को गिरफ्तार किया। आरोपी हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मुकुंदगंज स्थित नयाडीह का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। यह कार्रवाई हजारीबाग थाना कांड संख्या 11/25, दिनांक 25 सितंबर 2025 से जुड़े मामले में की गई है।


अफसरों और भूमाफिया पर भी दर्ज है मामला
ACB के मुताबिक, इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम-1988 की धारा 13(2), 13(1)(d) के अलावा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। केस में तत्कालीन अंचलाधिकारी, अंचल निरीक्षक, राजस्व उप निरीक्षक समेत अन्य सरकारी पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्थानीय भूमाफिया के खिलाफ सरकारी और गैरमजरुआ खास जमीन को कथित तौर पर अवैध तरीके से हासिल करने, बेचने और गलत तरीके से दाखिल-खारिज कराने के आरोप लगाए गए हैं। ACB की जांच में इससे जुड़े लोगों पर कार्रवाई पहले भी हो चुकी है। मामले में तत्कालीन अंचलाधिकारी समेत अन्य सरकारी पदाधिकारी, भूमाफिया तथा जमीन के क्रेता-विक्रेता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच आगे भी जारी है।

Tags - Hazaribagh ACB Land Scam Kuleshwar Prajapati Jharkhand News