द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले की हरिहरगंज थाना पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है और इस मामले में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बिहार के औरंगाबाद जिले की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर की गई, जिससे एक पुराने चोरी के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस मामले में औरंगाबाद, बिहार के रहने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है । गिरफ्तार किए गए पहले अभियुक्त का नाम गोलू कुमार गिरी (उम्र 21 वर्ष) है, जो ग्राम पीपरा, थाना माली का निवासी है । वहीं दूसरे अभियुक्त की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ गोलू (उम्र 22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम ओंकाराहा, थाना एन.टी.पी.सी. खैरा का रहने वाला है। पुलिस ने इन दोनों को 25 फरवरी 2026 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
यह मामला हरिहरगंज थाना कांड संख्या 13/26 से संबंधित है, जो 23 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था । खुलासे की शुरुआत तब हुई जब 24 फरवरी 2026 को बिहार के नगरी कला खुर्द थाना ने सूचना दी कि वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की पल्सर बाइक पकड़ी गई है, जिसे गोलू कुमार गिरी चला रहा था। जब पुलिस ने इंजन और चेसिस नंबर की जांच की, तो पता चला कि यह मोटरसाइकिल हरिहरगंज क्षेत्र से चोरी हुई थी। सूचना मिलने के बाद हरिहरगंज थाना प्रभारी देवब्रत पोद्दार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर औरंगाबाद भेजी गई। पुलिस ने वहां से चोरी गई पल्सर मोटरसाइकिल (JH 03AV 2184) को विधिवत बरामद किया। पूछताछ के दौरान गोलू कुमार गिरी ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की और उसकी निशानदेही पर उसके साथी अभिषेक कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस गिरोह में शामिल एक अन्य आरोपी अरविन्द की गिरफ्तारी के लिए पुलिस फिलहाल छापेमारी कर रही है।
