रांची
अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित होने वाली बहुप्रतीक्षित हांडी फोड़ प्रतियोगिता को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह फैसला आयोजन समिति ने राज्यपाल संतोष गंगवार की अचानक अनुपस्थिति के चलते लिया। वे इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्यपाल गंगवार आज झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण आयोजित शोक सभाओं में व्यस्त रहे, जिस वजह से वे कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। इस स्थिति को देखते हुए आयोजकों ने प्रतियोगिता को अगले दिन तक के लिए टालने का निर्णय लिया है।
.jpeg)
कार्यक्रम समिति ने जानकारी दी कि अब हांडी फोड़ प्रतियोगिता शनिवार को राज्यपाल की उपस्थिति में आयोजित की जाएगी। आयोजकों का मानना है कि राज्यपाल के सान्निध्य में प्रतियोगिता का महत्व और भी बढ़ेगा और दर्शक इससे अधिक भावनात्मक रूप से जुड़ सकेंगे।
हालांकि, कृष्ण जन्मोत्सव के अन्य कार्यक्रमों – जैसे भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और भगवान श्रीकृष्ण की झांकियां – पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित किए गए। फिरायालाल चौक पर भक्तों ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ भगवान कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। अब सबकी निगाहें शनिवार को होने वाली हांडी फोड़ प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जिसे राज्यपाल गंगवार के आगमन से और अधिक गरिमा मिलेगी। इस बीच, शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन पर आजसू पार्टी के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
