रांची
हमर अधिकार मंच की एक राज्यव्यापी बैठक अध्यक्ष दीपेश निराला की अध्यक्षता में रांची प्रेस क्लब में आयोजित हुई। बैठक में झारखंड के 12 जिलों से आए सदस्यों ने भाग लिया। इस अवसर पर समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विजय पाठक, संस्थापक रोटी बैंक रांची को रिम्स में जरूरतमंदों को 365 दिन निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने के लिए, डॉ. अजीत कुमार, लेजर एवं लेप्रोस्कॉपी सर्जन, सदर अस्पताल रांची को कोरोना काल में किए गए विशेष कार्य और सरकारी स्तर पर लेप्रोस्कॉपी सर्जरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए, तथा अरुणाभा कर, एक्टिविस्ट जमशेदपुर को मनरेगा, आरटीआई, परमानेंट लोक अदालत और उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए उत्कृष्ट सेवा सम्मान प्रदान किया गया।
.jpeg)
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और राष्ट्रगान के साथ हुई। अध्यक्ष दीपेश निराला ने अपने संबोधन में कहा कि सिविल राइट्स की जागरूकता हमर अधिकार मंच का मूल उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि 15 जून 2025 को सूचना का अधिकार कार्यशाला में आए एक्टिविस्टों की मांग पर मंच का गठन किया गया था। यह संस्था सूचना का अधिकार, सेवा का अधिकार, महिलाओं, बच्चों, मानवाधिकार, भोजन का अधिकार और उपभोक्ता अधिकार जैसे विषयों पर कार्य कर रही है।
बैठक में विभिन्न जिलों से जुड़े सदस्यों को सदस्यता प्रमाण पत्र, परिचय पत्र और पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, महासचिव उमाशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी सहित मंच के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य और झारखंड के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे।
