द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बगोदर क्षेत्र में शनिवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ हुई जोरदार बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे इलाके का नजारा बदल दिया। कुछ ही देर में जमीन पर ओलों की सफेद परत जम गई, जिससे बगोदर का दृश्य किसी पहाड़ी क्षेत्र जैसा प्रतीत होने लगा।
अचानक हुई इस ओलावृष्टि से लोग हैरान भी हुए और मौसम का आनंद लेते भी नजर आए। कई जगहों पर बच्चे और स्थानीय लोग घरों से बाहर निकलकर ओले उठाते और बदलते मौसम का आनंद लेते दिखे। खेतों, सड़कों और घरों की छतों पर ओलों की सफेद चादर बिछ गई, जिससे पूरा इलाका कुछ समय के लिए सफेद नजर आने लगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी तेज ओलावृष्टि लंबे समय बाद देखने को मिली है। हालांकि, कुछ किसानों ने चिंता जताई है कि इस ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है। मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने लोगों को गर्मी से राहत जरूर दी। वहीं, बगोदर का दृश्य कुछ देर के लिए शिमला जैसा बन गया, जिसे देखने और कैमरे में कैद करने के लिए लोग उत्साहित नजर आए।
.jpg)