logo

रांची : राजभवन के समक्ष हाड़ी अधिकार महाधऱना, अमर बाउरी हुए शामिल; समाज ने रखीं 13 सूत्री मांगें

AMAR012301.jpg

रांची

अखिल भारतीय हाड़ी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले राजभवन के समक्ष एक दिवसीय हाड़ी अधिकार महाधऱना का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोग जुटे और अपनी 13 सूत्री मांगों को लेकर सरकार से न्याय की गुहार लगाई।
इस मौके पर झारखंड के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी हाड़ी समाज अपने अधिकारों से वंचित है और अब अपने हक के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि पहले हाड़ी समाज के लोगों को सफाई कर्मचारी के रूप में सरकारी नौकरी मिलती थी, लेकिन अब सफाई कार्य निजी कंपनियों को ठेके पर दे दिया गया है, जिससे समाज के युवाओं को बेरोजगारी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि आज समाज संगठित होकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचा रहा है, और वे इस संघर्ष में हाड़ी समाज के साथ खड़े हैं।


मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ध्रुव हरि ने कहा कि आजाद भारत में भी हाड़ी समाज अपने संवैधानिक अधिकारों से वंचित है और उन्हें सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक व राजनीतिक बराबरी नहीं मिल पाई है। उन्होंने सरकार से हाड़ी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
अखिल भारतीय हाड़ी संघर्ष मोर्चा की 13 सूत्री मांगें इस प्रकार हैं:
1.    हाड़ी समाज की झारखंड में लगभग 5 लाख जनसंख्या है, जो आजादी के 78 वर्षों से सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। इनके सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक उत्थान हेतु विशेष कार्य योजना बनाई जाए।
2.    नगर निगम और नगर पालिकाओं में पिछले 10-15 वर्षों से कार्यरत दैनिक सफाई कर्मचारियों को स्थायी किया जाए।
3.    नगर परिषदों और पालिकाओं से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन की सुविधा सुनिश्चित की जाए।
4.    सफाई कर्मचारियों की अनुकंपा नियुक्ति में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की शैक्षणिक योग्यता की अनिवार्यता को समाप्त किया जाए।


5.    निजी स्कूलों में हाड़ी समाज के बच्चों के लिए 10% सीट आरक्षित की जाए।
6.    निजी संस्थानों (जैसे हॉस्पिटल, स्कूल, कॉलेज, मॉल, आउटसोर्सिंग आदि) में कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण और न्यूनतम मजदूरी प्रदान की जाए।
7.    सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के आलोक में दलितों में वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु आरक्षण का वर्गीकरण किया जाए और हाड़ी समाज को इसका लाभ दिया जाए।
8.    हाड़ी जाति के लिए झारखंड में संख्या अनुपात के अनुसार दो आवासीय विद्यालय और छात्रावास की स्थापना की जाए, जिनमें एक धनबाद में हो।
9.    नये विधानसभा भवन के चार मुख्य द्वारों में से एक द्वार पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाए।
10.    राज्य सफाई कर्मचारी आयोग का शीघ्र गठन किया जाए।
11.    इस आयोग का अध्यक्ष हाड़ी समाज से नियुक्त किया जाए।
12.    निष्क्रिय पड़े अनुसूचित जाति आयोग में शीघ्र अध्यक्ष और सदस्यों की बहाली की जाए, और हाड़ी समाज के प्रतिनिधि को शामिल किया जाए।
13.    नये विधानसभा कक्ष में डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर तत्काल लगाई जाए।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest