logo

गुमला की अष्टम उरांव भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित, माता-पिता को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित

fynit.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला की अष्टम उरांव को भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित होने पर जिला प्रशासन की ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी गई हैं। ऑस्ट्रेलिया में 1 मार्च से प्रारंभ हो रहे एएफसी महिला एशियन कप के लिए घोषित भारतीय टीम में झारखंड, गुमला की प्रतिभावान डिफेंडर अष्टम उरांव को स्थान मिला है। यह प्रतियोगिता 21 मार्च तक आयोजित होगी और वर्ष 2027 में ब्राज़ील में प्रस्तावित फीफा महिला विश्व कप के क्वालीफिकेशन से भी जुड़ी हुई है। हाल के राष्ट्रीय शिविरों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, रक्षण पंक्ति में उनकी सुदृढ़ भूमिका और पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके अनुभव को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें टीम में शामिल किया। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार अष्टम उरांव के आवास, जो बिशुनपुर प्रखंड के बनारी पंचायत अंतर्गत गोरा टोली गांव में स्थित है, पर पहुंचकर उनके माता-पिता का सम्मान किया। 

भ्रमण के दौरान उनके परिवारजनों से भेंट कर आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। अष्टम उरांव ने पक्का मकान, बोरिंग, शौचालय और बाउंड्री वाल निर्माण के लिए अनुरोध किया, जिस पर उपायुक्त के निर्देशानुसार अविलंब आवश्यक कार्रवाई और सहयोग सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि अष्टम उरांव की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अष्टम की मेहनत, अनुशासन और समर्पण यह साबित करता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। उपायुक्त ने यह भी विश्वास व्यक्त किया कि अष्टम की सफलता से जिले की अन्य बेटियाँ भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है, ताकि गुमला की बेटियाँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकें।

 

Tags - Astam Oraon Garhwa Jharkhand AFC Women’s Asian Cup 2026 Indian women football team selection Jharkhand football player national team Astam Oraon defender India football National football team player Jharkhand Gumla district sports achievement