logo

गुमला: महिला ने बकरी चुराते देख लिया तो बदमाशों ने गला दबाकर मार डाला

sucide9.jpeg

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड के गुमला जिले में बदमाशों ने एक महिला की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी क्योंकि महिला ने उनको बकरी की चोरी करते हुए देख लिया था। हत्या की ये घटना जिले के सुरसांग थाना क्षेत्र के महुआटोली गांव में घटी है। मिली खबर में कहा गया है कि महिला की हत्या गला दबा कर की गयी है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दल लगातार छापेमारी कर रहा है। 

ये है पूरा मामला 

इस बाबत पुलिस ने बताया है कि 19 नवंबर को एक महिला का शव महुआ टोली में मिला। शव मांझा पहाड़ के जंगल में पड़ा था। एक ग्रामीण की नजर इस पर पड़ी तो उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू कर दी। अनुसंधान में पता चला कि मृत महिला गांव की ही है औऱ वो बेंजामिन तिग्गा की पत्नी है। इसके बाद पुलिस ने तेजी से अनुसंधान किया औऱ हत्या के लिए जिम्मेदार आरोपियों में से तीन को धर दबोचा। पुलिस ने बताया कि महिला का शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हालत में मिला है। 

शोर मचाने लगी थी महिला 

गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस के समक्ष दिये अपने बयान में कहा कि लगभग आधा दर्जन लोग महिला के घर में बकरी की चोरी करने के लिए पहुंचे थे। चोरी करने से पहले सभी बदमाशों ने गांजा, शराब औऱ दूसरे नशीले पदार्थों का सेवन किया था। चोरी के बीच में ही खटपट की आवाज सुनकर महिला की नजर बदमाशों पर पड़ गयी। महिला ने इसके बाद शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे सभी बदमाश घबरा गये। बदमाशों ने उसे रोकने के लिए उसकी पिटाई शुरू कर दी। इससे महिला को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। घबराये बदमाशों ने साक्ष्य छिपाने के लिए गला दबाकर उसकी हत्या कर दी औऱ शव को जंगल में ले जाकर फेंक दिया।