गुमला
गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत इरगात पंचायत में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान गांव की रहने वाली 52 वर्षीय जोगनी उरांव के रूप में हुई है। महिला का शव घर के समीप बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही सोमवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला रविवार रात से ही घर से बाहर थी। सोमवार सुबह उसका शव मिलने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डुमरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात सामने आई है।

शराब पीने को लेकर विवाद की चर्चा
ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि घटना से पहले जोगनी उरांव का किसी स्थानीय व्यक्ति के साथ शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद के बाद महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की पूछताछ
डुमरी थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।