द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र स्थित मनातू गांव में बुधवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। मृतकों की पहचान परदेशनी कुमारी (27), पुत्र अंश उरांव (5) और पुत्री आशमानी कुमारी (4) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों के अनुसार परदेशनी कुमारी पिछले करीब आठ माह से मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं और उनका इलाज कांके में चल रहा था। मृतका के पति जगन्नाथ उरांव ने बताया कि बुधवार दोपहर उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर घर के पास स्थित कुएं के पास नहाने के लिए गई थी। काफी देर तक तीनों के वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों को चिंता हुई।

तलाशी के दौरान कुएं में मिले शव
जगन्नाथ उरांव की मां गुनिया देवी और बहन संतोषी कुमारी ने आसपास खोजबीन शुरू की। इसी दौरान जगन्नाथ उरांव ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में कपड़ा दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से रस्सी और झागर के सहारे कुएं की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सबसे पहले अंश उरांव का शव दिखाई दिया, जिसके बाद महिला और बच्ची के शव भी बाहर निकाले गए।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना के एसआई आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है। वहीं एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।