logo

गुमला के स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, दो दर्जन छात्र घायल; चील के कारण भड़का झुंड

ेमपददत3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला थाना क्षेत्र के केसीपारा स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय केसिपारा के पास गुरुवार को मधुमक्खियों के झुंड ने स्कूली बच्चों पर अचानक हमला कर दिया, जिससे करीब दो दर्जन छात्र घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायल बच्चों को परिजनों और ग्रामीणों की मदद से नजदीकी निजी क्लीनिकों और गुमला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, स्कूल परिसर के पास एक पीपल के पेड़ में लंबे समय से मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक चील पेड़ के पास पहुंचा, जिससे मधुमक्खियां अचानक आक्रामक हो गईं। चील तो वहां से उड़ गया, लेकिन भड़की हुई मधुमक्खियों ने स्कूल में मौजूद बच्चों पर हमला कर दिया।


बचने के लिए भागते रहे बच्चे, गांव तक पहुंचा झुंड
अचानक हुए हमले से बच्चे अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई छात्र भागते-भागते गांव तक पहुंच गए, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड उनका पीछा करता रहा। हालात इतने बिगड़ गए कि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग बच्चों को बचाने में जुट गए।


ग्रामीणों ने आग जलाकर किया बचाव
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ग्रामीणों ने बच्चों को एक जगह इकट्ठा किया और आग जलाकर धुआं किया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद मधुमक्खियों का झुंड वहां से हट पाया। इस घटना ने स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और ऐसे खतरों से निपटने की तैयारी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 

Tags - Jharkhand news Gumla news bee attack school incident students injured