logo

गुमला में 290 HIV पॉजिटिव मामले दर्ज, 28 सितंबर से शुरू होगा विशेष जागरूकता अभियान

गुमला में 290 HIV पॉजिटिव मामले दर्ज, 28 सितंबर से शुरू होगा विशेष जागरूकता अभियान

गुमला: 
सदर अस्पताल गुमला के सभागार में उपाधीक्षक अनुपम किशोर और यक्ष्मा पदाधिकारी केके मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जिले में चलाए जाने वाले “Intensified IEC Campaign 2026” की जानकारी दी। जिले में एचआईवी/एड्स, सिफलिस, टीबी और हेपेटाइटिस जैसी गंभीर बीमारियों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान शुरू होने जा रहा है। “Intensified IEC Campaign 2026” के तहत 28 सितंबर से 12 अक्टूबर तक जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सदर अस्पताल गुमला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान स्कूलों, पंचायतों, उच्च शिक्षण संस्थानों और कारागारों में जागरूकता कार्यक्रमों के साथ रैली और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जाएंगे। वहीं, सदर अस्पताल के आंकड़ों के मुताबिक गुमला में अब तक 290 एचआईवी पॉजिटिव मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

HIV, सिफलिस और टीबी को लेकर बढ़ाई जाएगी जागरूकता
यक्ष्मा पदाधिकारी केके मिश्रा ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को एचआईवी संक्रमण के कारणों, बचाव के उपायों और जांच की सुविधाओं के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही एचआईवी/एड्स नियंत्रण अधिनियम 2017, गर्भवती महिलाओं में एचआईवी एवं सिफलिस की जांच और संक्रमित लोगों के प्रति होने वाले भेदभाव को खत्म करने के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। अभियान के दौरान एचआईवी/एड्स, सिफलिस, टीबी और हेपेटाइटिस-बी एवं सी से संबंधित जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि लोग इन बीमारियों के लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव और समय पर जांच के महत्व को समझ सकें।

गुमला में 290 HIV पॉजिटिव मामले दर्ज
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जारी आंकड़ों के अनुसार, आईसीटीसी सदर अस्पताल, गुमला में अब तक कुल 290 एचआईवी पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 256 लोग वर्तमान में जीवित हैं, जबकि 34 लोगों की मौत रिपोर्ट की गई है। जीवित मरीजों में 127 पुरुष, 113 महिलाएं, 10 पुरुष बच्चे और 6 महिला बच्चे शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026-27 में अप्रैल से सितंबर तक जिले में 11 नए एचआईवी पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों की भी हुई जांच
गर्भवती महिलाओं से संबंधित आंकड़ों के अनुसार, अब तक 26 जीवित जन्म, 6 गर्भपात/एमटीपी दर्ज किए गए हैं, जबकि 2 महिलाएं प्रसव की प्रतीक्षा में हैं। वहीं, बच्चों से संबंधित रिपोर्ट में 26 बच्चों की जांच की गई है। अधिकारियों के अनुसार, जांच किए गए सभी बच्चों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।

स्कूलों से लेकर जेल तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक अनुपम किशोर ने बताया कि अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। इसके तहत माध्यमिक विद्यालयों, पंचायतों, उच्च शिक्षा संस्थानों, एनएससी/एनएसएस कैडेटों और कारागार में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 28 सितंबर को सदर अस्पताल परिसर से जागरूकता रैली निकालकर की जाएगी। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी लोगों को HIV, सिफलिस, टीबी और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

पटेल चौक और बाजार टांड़ में भी होगा नुक्कड़ नाटक
जागरूकता अभियान के तहत सदर अस्पताल परिसर, पटेल चौक और बाजार टांड़ में नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए आम लोगों को संक्रमण से बचाव, समय पर जांच और इलाज की सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अभियान को सफल बनाने में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत राज विभाग और अन्य संबंधित विभागों का सहयोग लिया जाएगा। विभिन्न विभागों के समन्वय से जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Tags - Gumla News HIV AIDS Awareness IEC Campaign 2026 Health Department Jharkhand Health