द फॉलोअप डेस्क
गुमला पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार कर रहे 3 लोगों पर शिकंजा कसा है। प्रतिबंधित नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों पुलिस ने को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई, जिसमें पुलिस को नशे के धंधे से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जानकारी मिली थी। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार करमाली ने बताया कि पुलिस अधीक्षक को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ लोग क्षेत्र में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का कारोबार कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने घरहाटोली से कोटा जाने वाली सड़क पर विशेष जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोका गया और तलाशी के क्रम में उसमें से प्रतिबंधित नशीला पदार्थ बरामद किया गया। मौके से तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस नशे के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले की जांच लगातार जारी है। थाना प्रभारी महेंद्र कुमार करमाली ने आम लोगों से अपील की है कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी वे पुलिस को गोपनीय रूप से दें। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाओं पर पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी।
.jpeg)