द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
गुमला जिले में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिलने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि कामडारा थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान संगठन के जोनल कमांडर विश्राम कोंगाड़ी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए अन्य तीन लोग संगठन के दस्ता सदस्य बताए जा रहे हैं। इस कार्रवाई के दौरान हथियार बरामद होने की भी सूचना है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

बड़ी वारदात की तैयारी की मिली थी सूचना
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को बीती रात गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया। इसके बाद टीम ने कामडारा थाना क्षेत्र में छापेमारी की। इसी कार्रवाई के दौरान विश्राम कोंगाड़ी समेत चार लोगों को हिरासत में लेने और उनके पास से हथियार बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, छापेमारी से जुड़े विस्तृत तथ्यों की पुष्टि आधिकारिक बयान आने के बाद ही हो सकेगी।

तीन जिलों में बताया जाता है विश्राम कोंगाड़ी का प्रभाव क्षेत्र
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, विश्राम कोंगाड़ी का कार्यक्षेत्र गुमला, खूंटी और सिमडेगा जिलों में बताया जाता है। इन तीनों जिलों में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, संबंधित मामलों और आरोपों की आधिकारिक जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।