logo

शादी टूटने की वजह बाप को मानता था, बेटे ने सब्बल से पीटकर मार डाला

वोोज_वाूो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र स्थित लामदेन गांव में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि शादी नहीं होने से नाराज पुत्र ने अपने पिता पर लोहे के सब्बल से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, लामदेन गांव निवासी 50 वर्षीय लखन गोप के 25 वर्षीय पुत्र मझा गोप की अब तक शादी नहीं हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के लिए कई रिश्ते आए, लेकिन किसी न किसी वजह से बात बन नहीं पाती थी। इसी बात को लेकर मझा गोप अपने पिता से नाराज रहता था। उसका आरोप था कि पिता की वजह से ही उसका रिश्ता तय नहीं हो पा रहा है।


घर में कहासुनी के बाद बेटे ने किया हमला
बताया जाता है कि गुरुवार देर शाम पिता और पुत्र दोनों घर पर मौजूद थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर मझा गोप घर के अंदर से लोहे का सब्बल उठा लाया और पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में लखन गोप गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।


अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद परिजनों और लखन गोप के भाई मादन गोप की मदद से उन्हें गंभीर हालत में गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पालकोट पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र मझा गोप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में गुमला जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

 

Tags - Gumla News Crime News Jharkhand Crime Murder Case Police Action