logo

गुमला में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, RIMS में इलाज के दौरान मौत

गुमला में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, RIMS में इलाज के दौरान मौत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

गुमला जिले के पालकोट इलाके में 13 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट का मामला सामने आया है। परिजनों ने चार-पांच युवकों पर नाबालिग को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम करीब पांच बजे नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। आरोप है कि कुछ युवक उसे अपने साथ ले गए थे। रात करीब सात बजे कुछ युवक उसे घर के पास छोड़कर चले गए। उस समय नाबालिग की हालत बेहद गंभीर थी और उसके शरीर पर कई चोट के निशान थे। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।


 

कई अस्पतालों के बाद RIMS किया गया रेफर
परिजनों के अनुसार, नाबालिग को सबसे पहले कोलेबिरा अस्पताल ले जाया गया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे सिमडेगा के एक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रांची के RIMS रेफर किया गया। गुमला सदर अस्पताल से भी बेहतर इलाज के लिए नाबालिग को RIMS भेजे जाने की जानकारी सामने आई है। RIMS में इलाज के दौरान नाबालिग की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।


 

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस नाबालिग के साथ हुई घटना की पूरी जानकारी जुटाने के साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। परिजनों ने चार-पांच युवकों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।

Tags - Gumla Palkot Minor Girl Gang Rape Case RIMS Ranchi Jharkhand Crime