द फॉलोअप डेस्क
गुमला शहर के कचहरी परिसर स्थित पुराने ट्रेजरी क्षेत्र में शिव मंदिर के समीप नवजात शिशु का शव मिलने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस अब मामले की तह तक पहुंचने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, गुमला थाना में पदस्थापित चौकीदार मुन्ना चीक बड़ाईक के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। आवेदन में बताया गया है कि 15 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे उन्हें सूचना मिली थी कि ट्रेजरी परिसर में स्थित शिव मंदिर के पास एक नवजात का शव पड़ा हुआ है।

मौके पर मिला क्षत-विक्षत शव
सूचना मिलने के बाद चौकीदार मौके पर पहुंचे, जहां नवजात शिशु का शव बरामद हुआ। बताया गया कि शव को जानवरों ने काफी हद तक नोच दिया था, जिससे उसकी पहचान और अन्य जानकारियां जुटाने में कठिनाई हो रही है। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस अधिकारियों को दी गई। प्राथमिकी में आशंका जताई गई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने लोक-लाज के डर से नवजात को सुनसान स्थान पर छोड़ दिया, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
गुमला थाना पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना से जुड़े लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।