द फॉलोअप डेस्क
गुमला नगर पालिका क्षेत्र में घरेलू गैस आपूर्ति में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए अनुमंडल कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देशानुसार इस बैठक में नगर क्षेत्र के तीनों प्रमुख गैस वितरक मां शेरावाली इंडेन गैस, लाल परी इंडेन गैस और भारत गैस, गुमला के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में वितरकों ने बताया कि गैस गोदामों पर सुबह चार बजे से ही लोगों की भीड़ जुटने के कारण होम डिलीवरी में बाधा आ रही है। इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने थाना प्रभारी, गुमला को निर्देश दिया कि गोदामों के पास पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और डिलीवरी वाहनों का संचालन निर्बाध रूप से सुनिश्चित किया जाए। साथ ही यह भी सामने आया कि कुछ परिवार एक से अधिक गैस कनेक्शन रखकर जमाखोरी कर रहे हैं।
.jpg)
इसे रोकने के लिए प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, गुमला के नेतृत्व में औचक निरीक्षण दल का गठन किया गया है, जो जमाखोरी और कालाबाजारी पर नियंत्रण सुनिश्चित करेगा। बैठक में यह निर्देश भी दिए गए कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाए और ई-केवाईसी पूर्ण कर चुके उपभोक्ताओं को भी अग्रिम सुविधा मिले। गैस वितरक एजेंसियों को स्थानीय वार्ड सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर होम डिलीवरी व्यवस्था को और सुगम बनाने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पैनिक बुकिंग से बचें, अनावश्यक जमाखोरी न करें और गोदामों पर भीड़ न लगाएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और संबंधित गैस वितरक उपस्थित थे।
.jpeg)