logo

हिंडाल्को और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन एक सप्ताह के लिए स्थगित, 7 दिन बाद फिर प्रदर्शन की चेतावनी

हिंडाल्को और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन एक सप्ताह के लिए स्थगित, 7 दिन बाद फिर प्रदर्शन की चेतावनी

गुमला 
गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में हिंडाल्को व प्रशासन के विरुद्ध चल रहा आंदोलन 14वें दिन आंदोलनकारियों ने एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया है। इस संबंध में आंदोलनकारी सूरज नायक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में आंदोलनकारी मौजूद रहे। सूरज नायक ने कहा कि बीते शनिवार को प्रखंड कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सीओ व थानेदार के साथ वार्ता हुई। हालांकि, वार्ता विफल रही। वार्ता में हमारी कुछ मांगों को मान लिया गया और कुछ मांगें अधूरी रह गईं। आश्वासन दिया गया है कि विभागीय प्रक्रिया के तहत सड़क बनाने के लिए डीपीआर राज्य सरकार को भेजा गया है और उस पर प्रशासन मॉनिटरिंग भी कर रहा है।

ट्रकों का परिचालन शुरू

वार्ता के बाद जब आंदोलनकारी आंदोलन स्थल पहुंचे तो ट्रक चालकों ने आग्रह किया और कहा कि हम लोग दो दिनों से यहां फंसे हुए हैं और दो दिनों से कुछ भी नहीं खाए हैं। कई ट्रक चालकों ने तो अपनी पत्नी के गर्भवती होने की भी जानकारी दी। इसके बाद आंदोलनकारियों ने सभी ट्रकों को छोड़ दिया और ट्रकों का परिचालन शुरू हो गया। सूरज ने यह भी कहा कि वार्ता में हिंडाल्को की ओर से कहा गया है कि उनके पास पूरी सड़क बनाने का अधिकार नहीं है। 100-100 मीटर करके पीसीसी सड़क, जहां गांव है, वहां बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि हिंडाल्को एक सप्ताह के अंदर नवाटोली, लपसर, चूल्हामाटी व सेरेंगदाग में 100-100 मीटर की पीसीसी सड़क बनाना शुरू नहीं करता है, तो हम 7 दिनों के बाद पुनः आंदोलन में बैठेंगे।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo

Tags - Gumla Hindalco Protest PCC Road Jharkhand