गुमला
गुमला जिले के कुरूमगढ़ थाना क्षेत्र के लूरु गांव में एक वृद्ध दंपती पर हमला किया गया है। इस हमले में पति की मौत हो गई है, वहीं पत्नी गंभीर रूप से घायल है। मृतक की पहचारन 75 वर्षीय शिबू उरांव के रूप में हुी है। जिनकी गला दबाकर हत्या की गई है। जबकि पत्नी घानो देवी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। शिबू उरांव का शव पोस्टमॉर्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

बहू शादी समारोह में गई हुई थी
घायल घानो देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मृतक के परिजन बाबूलाल ने घटना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को उनकी बहू घर में केवल वृद्ध दंपती को छोड़कर एक शादी समारोह में गई हुई थी। इसी दौरान अज्ञात अपराधी घर में घुस आए। अपराधियों ने पहले शिबू उरांव पर हमला किया और गला दबाकर तथा मारपीट कर उनकी हत्या कर दी। शोर सुनकर जब उनकी पत्नी घानो देवी वहां पहुंचीं, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया और उनका गला दबाने लगे।

ग्रामीणों के पहुंचते ही अपराधी भागे
घानो देवी के शोरगुल को सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद अपराधी वहां से भाग निकले। गुरुवार को जब बहू घर लौटी, तब उसे घटना की जानकारी हुई। उसने देखा कि शिबू उरांव की मौत हो चुकी थी और घानो देवी घायल अवस्था में कराह रही थीं। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस भूमि विवाद या अंधविश्वास के कारण हत्या होने की आशंका जता रही है। हालांकि, पुलिस इस मामले पर फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर रही है।