द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों द्वारा गैस एजेंसियों और वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुछ गैस वितरकों के यहां उपभोक्ताओं की भीड़ जरूर देखी गई, लेकिन जांच में यह पाया गया कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं है।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस सिलेंडर को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। प्रशासन के अनुसार जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति की जा रही है। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने बताया कि जिले के सभी अधिकारियों को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड स्तर तक लोगों को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए टीम को सक्रिय रूप से काम करने को कहा गया है।

उन्होंने कहा कि आम लोगों को इसको लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था की निगरानी कर रहा है और किसी भी परिस्थिति में लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। डीसी ने नागरिकों से यह भी अपील की कि लोग अपनी जरूरत के अनुसार ही गैस सिलेंडर रखें और अनावश्यक रूप से घरों में सिलेंडर जमा न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को आसानी से गैस उपलब्ध हो सके। प्रशासन लगातार यह सुनिश्चित करने में लगा है कि लोगों के बीच किसी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति न बने।