logo

गुमला : बाल सुधार गृह, नारी निकेतन और वृद्धाश्रम का DC ने किया निरीक्षण

gumla_dc_o.jpg

गुमला
गुमला डीसी दिलेश्वर महतो ने बुधवार को जिले के बाल सुधार गृह, नारी निकेतन, वृद्धाश्रम और बालिका गृह का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया. बाल सुधार गृह के निरक्षण के दौरान उन्होंने वर्तमान में रह रहे 68 बच्चों के रहने, खानपान, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की. उन्होंने बच्चों की शैक्षणिक स्थिति की जानकारी ली और उनसे संवाद करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया. उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा ही जीवन को बेहतर दिशा देती है और यहां से निकलने के बाद सभी बच्चे शिक्षित एवं अच्छे नागरिक बनकर समाज में अपनी पहचान बनाएं. 
बच्चों ने दी झारखंडी संगीत की प्रस्तुति
निरीक्षण के दौरान बच्चों ने झारखंडी संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी, जिसे देखकर उपायुक्त ने खुशी जताई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया. इस दौरान उन्होंने बच्चों के रहने के स्थान, क्लास रूम, किचेन, डायनिंग एरिया और एक्टिविटी एरिया का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए. उपायुक्त ने बच्चों से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर वे बेझिझक जिला प्रशासन को अवगत कराएं. जिला प्रशासन उनके बेहतर भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है.

वृद्धाश्रम नारी निकेतन और बालिका गृह का भी निरीक्षण
इसके बाद उपायुक्त ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनकी सुविधाओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली. उपायुक्त ने बुजुर्गों से पूछा कि उन्हें सभी जरूरी सुविधाएं नियमित रूप से मिल रही हैं या नहीं. इस दौरान बुजुर्गों ने वहां की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया. उपायुक्त ने नारी निकेतन और बालिका गृह का भी दौरा किया. नारी निकेतन में उन्होंने महिलाओं के कौशल विकास गतिविधियों पर विशेष ध्यान देने की बात कही और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. वहीं बालिका गृह में बच्चियों के रहने, शिक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उनसे संवाद किया तथा शिक्षा के प्रति प्रेरित किया.
DC ने आवश्यक सुधार के दिए निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सभी बच्चों और महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य, सुरक्षा और बेहतर जीवन के लिए लगातार प्रयासरत है. किसी भी आवश्यकता या समस्या के समाधान के लिए जिला प्रशासन हमेशा उनके साथ खड़ा है. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए. इस मौके पर जिला सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सह नजारत उपसमाहर्ता ललन कुमार रजक, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी, बाल संरक्षण पदाधिकारी अमर कुमार, सहायक जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एलीना दास समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे.

 

Tags - Dileshwar Mahto news Nari Niketan inspection Gumla Gumla Child Care Home visit Old age home inspection Gumla Balika Grih Gumla update