द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के कासीर जामटोली गांव में सात वर्षीय बच्चे की हत्या से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान हेमंत कुमार सिंह के पुत्र नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को नवीन के माता-पिता खेत में काम करने गए थे, जबकि वह गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के पास खेल रहा था। शाम को परिजनों के लौटने पर नवीन घर पर नहीं मिला, जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।

जंगल में मिला शव, शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशान
मंगलवार को गांव के समीप स्थित जंगल से नवीन का शव बरामद किया गया। बच्चे के सिर, गर्दन, कमर और दाहिने हाथ पर गहरे जख्म के निशान पाए गए, जबकि सिर से खून भी बह रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने हत्या के बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से जंगल में फेंक दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
परिजनों की लिखित शिकायत पर रायडीह थाना पुलिस ने कांड संख्या 24/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 238 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।