द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत खेड़ा गांव में जमीन सीमांकन के दौरान बड़ा बवाल हो गया। अंचलाधिकारी के निर्देश पर पहुंचे चैनपुर अंचल के राजस्व कर्मियों और पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिंह पर एक महिला ने चप्पलों से हमला किया, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर भागने पर मजबूर हो गए।

दौड़ा-दौड़ाकर की गई मारपीट
जानकारी के अनुसार, शिव प्रसाद साहू के आवेदन पर जमीन सीमांकन के लिए अंचल निरीक्षक और अन्य कर्मचारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे थे। लेकिन सीमांकन कार्य शुरू होते ही ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने राजस्व कर्मचारी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। बाद में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस ने संभाली स्थिति, सीमांकन कार्य हुआ बाधित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया। लेकिन विवाद बढ़ने के कारण जमीन का सीमांकन कार्य पूरा नहीं हो सका और राजस्व कर्मियों व पुलिस को वापस लौटना पड़ा। बाद में राजस्व कर्मचारी सुजीत कुमार सिंह ने चैनपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

कर्मचारियों में आक्रोश, सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद चैनपुर अंचल के कर्मियों में भय और आक्रोश का माहौल है। कर्मचारियों ने कहा कि दूर-दराज के इलाकों में सीमांकन कार्य के दौरान इस तरह की घटनाएं उनके लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं। अन्य अंचल कर्मियों ने भी प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दोषियों की पहचान की जा रही है।