द फॉलोअप डेस्क
झारखंड का गुमला जिला भले ही कभी नक्सलियों का गढ़ माना जाता रहा हो, जहां आए दिन भय पैदा करने वाली घटनाएं सामने आती थीं, लेकिन बीते कुछ वर्षों में पुलिस की सक्रियता और सख्त कार्रवाई के चलते नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह विराम लग चुका है। इसका सकारात्मक असर अब जिले के पर्यटन स्थलों पर साफ दिखाई देने लगा है। नए साल की शुरुआत के साथ ही गुमला के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आमद शुरू हो जाती है, जो पूरे जनवरी माह तक लगातार बनी रहती है।
गुमला जिले के रायडीह, पालकोट, बिशुनपुर, घाघरा, डुमरी, चैनपुर और जारी प्रखंडों में कई ऐसे प्राकृतिक और दर्शनीय स्थल हैं, जो लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। जिले के आसपास के इलाकों के साथ-साथ अन्य जिलों और राज्यों से भी लोग यहां अपने परिवार के साथ पिकनिक और सैर-सपाटे के लिए पहुंचते हैं। गुमला से होकर बहने वाली नदियां जब पहाड़ों के बीच से गुजरती हैं, तो उनका मनोरम दृश्य पर्यटकों को स्वतः ही अपनी ओर आकर्षित करता है। इसके अलावा जिले में कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थल भी हैं, जो आस्था के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माने जाते हैं। यहां आने वाले लोगों का मानना है कि इन स्थलों पर नए साल का जश्न मनाने के साथ-साथ मानसिक शांति और सुकून भी मिलता है।
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि गुमला जिले में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन सरकार की ओर से इन स्थलों के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव में कई बार पर्यटकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यदि सरकार पर्यटन विकास की दिशा में गंभीर पहल करे, तो गुमला जिला एक बेहतर पर्यटन हब के रूप में उभर सकता है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता इतनी आकर्षक और पूरी तरह से नेचुरल है कि साल भर पर्यटकों का आना-जाना बना रह सकता है। स्थानीय लोगों का यह भी मानना है कि पर्यटन स्थलों के समुचित विकास से न केवल जिले की तस्वीर और तकदीर बदलेगी, बल्कि आसपास के लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलेंगे। देश के कई राज्य ऐसे हैं, जहां की अर्थव्यवस्था काफी हद तक पर्यटन पर निर्भर है। ऐसे में यदि गुमला के पर्यटन स्थलों को बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित किया जाए, तो यह जिला भी विकास की नई राह पर आगे बढ़ सकता है। लोगों का स्पष्ट कहना है कि गुमला की खूबसूरत वादियां देश में कहीं और देखने को नहीं मिलतीं और यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है।
